मुरादाबाद मंडल के रामपुर,अमरोहा, संभल और मुरादाबाद जिलों में रविवार को भी बारिश और तेज हवा ने जनजीवन प्रभावित किया। रामपुर में दो मकान गिरने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि बारिश का पानी बाहर खींचते समय करंट से एक महिला की माैत हो गई। वहीं, संभल में बारिश के बीच एक मकान ढह गया, जिसके मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। मुरादाबाद मंडल में अलग-अलग स्थानों पर 10 मकान ढहने का आंकड़ा सामने आया है। इन हादसों में नाै लोग जख्मी हुए हैं। अमरोहा में दो दिनों में सबसे अधिक 381 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। मुरादाबाद मंडल में शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार के बाद रविवार को भी जारी रही।