हवाई हमले की स्थिति में बचाव की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम छह बजे टीडीआई सिटी में नागरिक सुरक्षा विभाग ने एयर रेड और ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की। इसमें अग्निशमन, विद्युत, चिकित्सा विभाग, एनसीसी, होमगार्ड और आपदा मित्रों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान दो मिनट तक सायरन बजाकर हवाई हमले का संकेत दिया गया। इसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और ब्लैक आउट के दौरान सावधानी बरतने का प्रदर्शन किया गया। खतरा टलने का संकेत मिलने पर बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। धुएं से भरे कमरे से लोगों को सुरक्षित निकालने, आग बुझाने और घायलों को स्ट्रेचर के बिना सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया दिखाई गई। नागरिक सुरक्षा उपनियंत्रक नीरज चक ने लोगों को मॉकड्रिल की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास से आपात स्थिति में जनहानि कम करने और लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है। इस दौरान डिप्टी चीफ वार्डन पंकज कुमार सक्सेना, डॉ. तुषार अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवक और टीडीआई सिटी के निवासी मौजूद रहे।