हस्तिनापुर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सोमवार को सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार और अन्य वाहनों से श्रद्धालुओं का गंगा घाट पहुंचना जारी रहा। वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक लगे जाम में श्रद्धालु घंटों फंसे रहे। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान गंगा स्नान और दीपदान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।