मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के इकबाल नगर निवासी किसान मोहम्मद आरिफ त्यागी ने पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से लगातार व्हाट्सएप और वॉयस कॉल आने की शिकायत एसएसपी से की है। पीड़ित का आरोप है कि कॉल करने वाला व्यक्ति देश और सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ बातें करता है और उसे भी ऐसा बोलने के लिए उकसाने का प्रयास करता है। आरिफ के मुताबिक, चार नवंबर को सुबह 10:17 बजे भी इसी नंबर से करीब 13 सेकेंड की कॉल आई थी। लगातार कॉल आने से वह और उसका परिवार दहशत में हैं। उन्होंने खुद और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की जांच साइबर थाने को सौंप दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।