मथुरा में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोमवार को परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू हुआ। बलदेव के विधायक पूरन प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों को जानने और परिवारजनों को हेलमेट व सीट बेल्ट के लिए प्रेरित करने को कहा। पूरन प्रकाश ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा रैली निकाली। पीड़ित परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने की शपथ दिलाई। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत ने बताया कि 30 नवंबर तक जागरूकता कार्यक्रम चलेंगे। वाहन स्वामियों को रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप लगाने और ब्रेक दुरुस्त रखने की सलाह दी गई। इसका लक्ष्य जिले को दुर्घटना मुक्त बनाना है।