मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र की बाद चौकी अंतर्गत कृष्ण वाटिका स्थित आजमपुर कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे और अलमारियों के ताले तोड़कर आभूषण और नकदी समेत सात लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मकान मालिक पवन कुमार के मुताबिक, वह किसी काम से गांव गए हुए थे। रविवार शाम करीब सात बजे वापस आए तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। सोने की चेन, नकदी, एक लैपटॉप, एक बैटरी और गैस सिलिंडर समेत अन्य सामान गायब था। उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और चोरों की तलाश में जुट गई। सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।