मथुरा में सैनी समाज के 21वें सामूहिक विवाह समारोह में शुक्रवार को पांच जोड़े विवाह बंधन में बंध गए। महात्मा ज्योतिराव फुले विकास समिति के तत्वावधान में नगला चिरंजी, गोला कुआं, जमुनापार में आयोजित समारोह में धूमधाम से विवाह की रस्में संपन्न हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिराव फुले और माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद जमुनापार पैंठ से बैंड-बाजों के साथ बरात निकाली गई। नाचते-गाते बराती विवाह स्थल पहुंचे। यहां महिलाओं ने दूल्हों का तिलक और आरती कर स्वागत किया। मंच पर वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। पुष्पवर्षा के बीच हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर पांचों जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समिति और अतिथियों ने नवदंपतियों को गृहस्थी के उपहार भेंट किए। मुख्य अतिथि सपा नेता अनिल अग्रवाल ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह समाज में समरसता, सादगी और सहयोग की भावना मजबूत करते हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को संबल मिलता है। कार्यक्रम संयोजक मुकेश सैनी नेताजी ने अतिथियों का साफा और पटका पहनाकर स्वागत किया। अध्यक्षता डॉ. राजकुमार सैनी और गिर्राज प्रसाद सैनी ने की। समिति अध्यक्ष रमेश सैनी ने आभार जताया। इस अवसर पर बुद्धिलाल सैनी, कन्हैयालाल सैनी, लुकेश कुमार राही सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।