करहल। कस्बे के गंगेश्वर गार्डन में मंगलवार शाम नवम श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में विभिन्न जिलों से आए भजन गायकों ने खाटू श्याम बाबा के भजनों की ऐसी रसधार बहाई कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा श्याम के नाम की ज्योति जलाकर नितिन चतुर्वेदी और अनुराधा चतुर्वेदी ने शुभारंभ किया l महोत्सव में भजन गायक प्रेम शर्मा ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद कंचन त्रिवेदी ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। विकास शर्मा ने जोशीले अंदाज में श्याम बाबा के भजनों का गायन किया तो श्रद्धालु तालियां बजाकर झूमने लगे। कामना दुबे ने अपनी सुरीली आवाज में बाबा की महिमा का बखान किया। वहीं दीपक पाण्डेय ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्याम प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। भजन गायकों ने हारे के सहारे बाबा श्याम, मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है, खाटू नरेश का दरबार निराला है, सांवरे से मिलने का सत्संग ही बहाना है, लखदातार बाबा श्याम, तेरी महिमा अपरंपार। दुनिया से हारा हूं, बाबा तेरे दर पर आया हूं। तीन बाणधारी, लीले के असवार,खाटू वाले श्याम और बाबा की महिमा से जुड़े भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। कभी मधुर सुरों ने भक्तों को भावुक किया तो कभी जोशीले भजनों ने पूरे पंडाल को श्याममय बना दिया। भजनों के बीच श्रद्धालु बाबा के जयकारे लगाते रहे। पूरा गंगेश्वर गार्डन श्याम नाम के जयघोष से गूंजता रहा। महोत्सव में देर शाम तक भक्ति और संगीत का संगम देखने को मिला। संगीत कश्यप ब्रदर ने दिया। इस अवसर पर नितिन चतुर्वेदी, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य,अनुराधा चतुर्वेदी, मोली चतुर्वेदी, शुभ चतुर्वेदी, अभिलाषा चतुर्वेदी, मिष्टी चतुर्वेदी,भानू यादव, मनु पाण्डेय, प्रदीप, कोमल, विनोद चतुर्वेदी समेत तमाम लोग मौजूद।