मैनपुरी के कुरावली में बुधवार को मोहल्ला कौवा टोला में अलूपुरा अड्डे के निकट कब्रिस्तान की जमीन की बाउंड्रीवाल की मरम्मत के दौरान रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने बाउंड्रीवाल की मरम्मत पर आपत्ति जताते हुए निर्माणाधीन जगह को आम रास्ता बताया। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। लोगों का कहना था कि आने-जाने के लिए हाईवे की ओर से पहले से रास्ता है। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग कब्रिस्तान की जमीन परअलूपुरा अड्डे की ओर से भी रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। कानूनगो और लेखपाल ने जमीन की नापतोल कर स्थिति की जांच की। टीम ने नगर पंचायत में दर्ज जमीन के अभिलेखों के साथ खसरा-खतौनी और नक्शे का भी मिलान किया। मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा से भी जमीन और रास्ते के संबंध में जानकारी ली गई। इसके अलावा मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ की गई। तहसीलदार ने जांच और नापतोल के बाद रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंप दी है।