महरौनी तहसील क्षेत्र के ग्राम पाली में स्थित सिंचाई विभाग का बांधनुमा तालाब की करीब 15 फुट पट्टी शुक्रवार की सुबह टूट गई। इससे हजारों क्यूसेक पानी बहने लगा। पानी इस क्षेत्र में स्थित कई एकड़ खेतो में भर गया। मिट्टी कटाव की सूचना सिंचाई विभाग को दे दी गई है। तहसील महरौनी के ग्राम पाली में सिंचाई विभाग का एक बड़ा बांधनुमा तालाब है। इससे इस क्षेत्र की कई हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है। इस पुराने तालाब की देखरेख न होने से इसका मिट्टी का बंध कमजोर हो गया था। इस मानसून सीजन में यह तालाब लबालब हो गया था। बांधनुमा तालाब में भरे पानी के दबाब से शुक्रवार की सुबह इसकी पट्टी करीब 15 फुट टूटकर बह गई और तालाब में भरा पानी बाहर निकलने लगा। तालाब की पट्टी टूटने की जानकारी जब आसपास के लोगों को हुई तो वह भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। तालाब का हजारो क्यूसेक पानी निकलकर आसपास के कई एकड़ खेतो में पहुंचने लगा। वही ग्रामीणों का आरोप है कि बांधनुमा तालाब की पट्टी टूटने की सूचना पूर्व में ही सिंचाई विभाग को दे दी थी, लेकिन सिंचाई विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नही पहुंचा और न ही पानी रोकने के लिए जेसीबी या अन्य इंतजाम किए गए। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते पानी रोकने के इंतजाम किए जाते तो इसे रोका जा सकता था। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड भूपेश सुहेरा ने बताया कि ग्राम पाली में स्थित तालाब के किनारे से कटाव हुआ है। इसे मरम्मत कराने और पानी का बहाव रोकने के प्रयास किए जा रहे है। आशंका है कि तालाब के किनारे लगी रेत की बोरियो को किसी ने निकाला है। इसकी जांच की जा रही है।