लखीमपुर खीरी में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। प्राचीन संकटा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने बारी-बारी से मां के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। संकटा देवी मंदिर में पहले दिन श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ नजर आई। मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। कोई परिवार की खुशहाली तो कोई अपने काम में सफलता और मनोकामना पूरी होने की आस लेकर मां के दरबार पहुंचा। श्रद्धालुओं में नवरात्र को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मंदिर में सजे देवी पंडाल में भी भक्तों ने पहुंचकर पूजन-दर्शन किए। शहर के संकटा देवी और शीतला देवी मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिरों में घंटे-घड़ियाल की गूंज और मां के जयकारे सुनाई देने लगे।श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नौ दिनों तक चलने वाले पर्व की शुरुआत की।