शुक्लागंज कोतवाली क्षेत्र के गंगाघाट रेलवे स्टेशन के निकट अप रेल लाइन पर मंगलवार को नग्न अवस्था में 24 वर्षीय युवती का शव मिला है। युवती का कटा दाहिना पैर रेल पथ से दूर मिला जबकि बायां कटा हाथ गायब है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर ट्रैक पर चलती ट्रेन से फेंकने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कोई जानवर हाथ उठा ले गया हो। जीआरपी ने शव को सील कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जरूरत पड़ी तो स्लाइड बनाई जाएगी, रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंंगाले जा रहे हैं।