जश्न-ए- ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मंगलवार की रात जगह-जगह रोशनी की गई। बुधवार को नगर के करीब 15 मोहल्लों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकला। जुलूस का जगह-जगह तोप से फूल बरसाकर स्वागत किया गया। जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद जुलूस राजधानी मार्ग से धोबिन पुलिया बीएएनएल भवन से वापस होकर गोताखोर मोहल्ले में समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की गई। सहजनी और मरहला चौराहा से मार्ग डायवर्जन रहा। मंगलवार को जश्न-ए-चरागां पर्व मनाने के बाद बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर्व मनाया गया। इस दौरान मोहल्ला पोनीरोड, रहमत नगर, अहमद नगर, मनोहर नगर, मदनी नगर, अली नगर, गोताखोर, हुसैन नगर समेत 15 मोहल्लों से अलम के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालते हुए लोग राजधानी मार्ग स्थित जामा मस्जिद में एकत्रित हुए। वहां दोपहर 1:30 बजे नमाज अदा करने के बाद एक साथ सभी जुलूस धोबिन पुलिया बीएसएनएल भवन की ओर निकलते हुए राजधानी मार्ग सब्जी मंडी होकर गोताखोर में पहुंचे, जहां जुलूस समाप्त हुआ। इस दौरान राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, धोबिन पुलिया, नगर पालिका गेट के पास, पोनी तिराहा और पोनीरोड में तोप से पुष्प वर्षा की गई। जुलूस में शामिल रहे उलेमाओं और मौलानाओं का स्वागत किया गया। सहजनी और मरहला चौराहे से मार्ग डायवर्जन किया गया। जुलूस में एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा, तहसीलदार मनीष द्विवेदी, सीओ सिटी विनी सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, पालिका ईओ डॉ. राजेश कुमार, डॉ.लाल बहादुर, लेखपाल प्रशांत अवस्थी, पंकज कुमार, अनूप शुक्ला, जका उल्ला,आफताब रजा, मो. शमीम, हाजी गुलाम मोहम्मद , तहसीन रजा कादरी, फुरकान शाह, वीरेंद्र शुक्ला, राजेश गुप्ता गोल्डी आदि मौजूद रहे।