पड़ोसी से की जा रही गाली गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। गाली गलौज का विरोध करने पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने घर के बाहर जमकर मारपीट की जिसमें महिलाओं और बच्चियों तक को नहीं छोड़ा। मारपीट में दो महिलाओं तथा एक बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित जयप्रकाश शुक्ला पुत्र स्व. सीटी लाल ने बताया कि वह घर के बाहर बैठे हुए थे तभी कमालपुर गांव के रहने वाले गुड्डू सिंह अपने बेटे नितिन और माली सिंह सहित करीब 10 अज्ञात लोगों के साथ बुधवार शाम करीब 7:00 बजे दरवाजे के पास आकर पड़ोसी महिला आनंद देवी पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह के साथ गाली गलौज कर रहे थे जिस पर मैंने आपत्ति जताई और कहा कि घर पर महिलाओं व छोटे-छोटे बच्चे हैं यहां गाली गलौच ना करो इस बात से खुन्नस खाए गुड्डू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी जिस पर मेरी बहुएं रिंकी और जया तथा पुत्र मोहित व छोटी बच्ची खुशी पुत्री मोहन शुक्ला उम्र दस वर्ष घायल हो गए। घटना के बाद 112 नंबर मिलकर पुलिस को सूचना दी इस दौरान मौका पाकर आरोपी भाग गए। पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने गांव के बाहर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग भी की थी जिसमें एक तमंचा तालाब में फेंका गया वही दूसरा तमंचा व कारतूस पुलिस ने मौके से बरामद किया था। हालांकि पुलिस फायरिंग की बात नकार रही है। वहीं प्रकरण में महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी फायरिंग की बात असत्य है प्राप्त तहरीर के आधार पर तीन नामजद सहित 10 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है जांच कर कार्रवाई की जा रही है।