दिवाली पर बाजारों में खरीदारी के लिए निकलने वालों के लिए राहत की खबर है। प्रशासन ने जाम से बचाने और पार्किंग की सुविधा बढ़ाने के लिए विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत फूलबाग, परेड और पनचक्की स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में पांच नवंबर से लगातार सात दिन तक वाहन पार्किंग निशुल्क रहेंगी। परेड स्थित रामलीला मैदान में भी वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही झकरकटी बस अड्डे पर दबाव कम करने के लिए पश्चिमी जिलों से लखनऊ और दूसरे शहरों को जाने वाली बसों को शहर में प्रवेश देने के बजाय बाईपास से निकाला जाएगा। वहीं पांच नवंबर से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे की बसें सरैया क्रॉसिंग होकर चलेंगी। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई यातायात समीक्षा बैठक में ये फैसले लिए गए। फैसले के अनुसार आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से आने वाली जिन बसों का गंतव्य कानपुर नहीं, बल्कि लखनऊ या अन्य शहर हैं वे झकरकटी बस अड्डे नहीं आएंगी। इन्हें भौंती से नौबस्ता फ्लाईओवर होते हुए रामादेवी मार्ग से आगे भेजा जाएगा। वहीं, विकासनगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से लखनऊ, हरदोई और रायबरेली मार्ग की बसों का संचालन बढ़ेगा। पांच नवंबर से सरैया क्रॉसिंग शुरू होने के बाद इन बसों को इसी रास्ते से चलाया जाएगा। इससे झकरकट्टी, टाटमिल और जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर बसों का दबाव घटेगा। मंडलायुक्त ने त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निर्धारित पार्किंग स्थलों का व्यापक प्रचार करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा, डीसीपी यातायात अभयनाथ त्रिपाठी, आरटीओ राकेंद्र सिंह, रोडवेज के एआरएम रामलवट चौधरी और अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।