हटिया बाजार में बेसमेंट की खोदाई के दौरान शुक्रवार देर शाम मिट्टी ढहने से मजदूर अनिल कुमार अग्रहरी (36) की दबकर मौत हो गई। गोपी बर्तन वाले के पास घनी आबादी के बीच चल रही खोदाई के दौरान हुए हादसे से अफरातफरी मच गई। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला और उर्सला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।हटिया क्षेत्र में बेसमेंट की खोदाई के दौरान यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी खोदाई के चलते पास की जुड़ी हुई इमारत का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया था। उसकी चपेट में आकर पांच से छह लोग बुरी तरह घायल हुए थे। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बावजूद घनी आबादी में खोदाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अनिल मूलरूप से सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के डकाही गांव के रहने वाले थे। वह पिछले दो साल से शहर में रहकर मजदूरी कर रहे थे। पनकी निवासी ससुर कृष्णा गुप्ता और साले अरविंद ने बताया कि अनिल की पत्नी रूबी और दो बच्चे पल्लवी व कृष्णा हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम गोपी बर्तन वाले के पास बेसमेंट की खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी ढह गई और अनिल उसके नीचे दब गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद मजदूरों ने आसपास के लोगों की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इससे पहले भी हटिया क्षेत्र में बेसमेंट की खोदाई के दौरान पास की जुड़ी हुई इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर गया था। हादसे में पांच से छह लोग घायल हुए थे। घनी आबादी में लगातार हो रही खोदाई और आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मूलगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बेसमेंट की खोदाई कौन करवा रहा था और किन परिस्थितियों में हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।