कानपुर नगर व ग्रामीण इलाकों में 2,000 से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने गुरुवार को नो यूपीआई डे मनाया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर लगे स्कैनर पर काला टेप चिपकाकर विरोध जताया और केवल नकद लेनदेन स्वीकार किया। व्यापारियों का कहना है कि डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के बाद अब अतिरिक्त शुल्क लगाना उनके साथ अन्याय है और सरकार को इस प्रस्ताव को तुरंत वापस लेना चाहिए।