इंदिरानगर, कल्याणपुर स्थित आशादेवी मंदिर के मैदान में गंदगी मिलने पर वार्ड-17 के सफाई नायक विमल कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सफाई कर्मी का एक दिन का वेतन कटेगा। इसी तरह, आवास विकास, डबल रोड पर भी गंदगी मिलने पर सफाई नायक राकेश को नोटिस और सफाई कर्मी का एक दिन का वेतन रोका गया है। यह कार्रवाई नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने की है। वह सोमवार को नवरात्र पर जोन-6 अंतर्गत आशादेवी मंदिर, हैलट, गोल चैराहा, पनकीधाम मंदिर चैराहा, भाटिया तिराहा, आदि का निरीक्षण करने निकले थे। आशादेवी मंदिर के पास रामलीला मैदान की सफाई कराने के निर्देश दिए। रामलीला मैदान के मुख्य मार्ग को लेकर जोनल अभियंता ने बताया कि यहां सीसी रोड कराने के लिए पत्रावली स्वीकृत है। इस दौरान सीएम ग्रिड अंतर्गत बगिया क्रॉसिंग से केसा आवास विकास तक काफी कूड़ा मिला। यहां पीसीटीएस बनाने के लिए कहा। वह पनकी भवसिंह स्थित साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट गए। उन्होंने प्लांट के सेक्शन 3-ए व 3-बी के बीच में जाने वाली रोड की मरम्मत के निर्देश दिए। प्लांट के मुख्य द्वार से प्री-साॅर्टिंग सेक्शन 3-ए की तरफ जाने वाले मार्ग पर कूड़ा मिला। नगर आयुक्त ने दो दिन में कूड़ा हटवाने के निर्देश दिए। अगर दो दिन में कंपनी कूड़ा नहीं हटवाती तो प्रतिदिन प्रति गाड़ी 50,000 का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। शनिवार तक कार्य पूरा न करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।