रामपुर में चल रही उत्तर प्रदेश स्कूल स्टेट हॉकी प्रतियोगिता के अंडर-19 और अंडर-17 वर्ग में झांसी ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अंडर-19 में झांसी ने बृहस्पतिवार को कानपुर मंडल को 7-0 से हरा दिया। टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को गोल करने का मौका तक नहीं दिया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में झांसी ने चित्रकूट को 7-0 से हराकार शानदार जीत दर्ज की। बालिका वर्ग के मुकाबलों में अंडर-17 में झांसी ने बरेली को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उत्तर प्रदेश स्कूल स्टेट हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सींगनखेड़ा स्टेडियम और नवाब जुल्फेकार अली एस्ट्रोटर्फ मैदान में मुकाबले खेले गए। अंडर-19 वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने गोलों की झड़ी लगा दी। बालक और बालिका वर्ग में झांसी ने शानदार प्रदर्शन कर एकतरफा जीत हासिल की। प्रतियोगिता में बालक वर्ग टीम मैनेजर त्रिभुवन सिंह और बालिका वर्ग में सुनीता तिवारी ने जानकरी साझा की।