प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के संघर्ष और उपलब्धियों की गाथा को भाजपा के लोगों ने नजरअंदाज कर दिया। ये हुआ शनिवार को श्री दाऊजी महाराज मेला के मुख्य पंडाल में। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से तैयार किए गए करीब 30 मिनट के ''नमो सेवा गाथा, अनकही कहानियां'' नाट्य प्रस्तुति को मात्र आठ मिनट के मंचन के बाद बंद करा दिया गया। नाट्य मंचन बंद कराने की वजह भी बेहद खास थी। दरअसल, वहां मौजूद भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और नेताओं को माल्यार्पण और सम्मान कार्यक्रम के लिए देर हो रही थी। ऐसे में नाटक बंद कराकर माल्यार्पण और तस्वीरें खिंचवाने का दौर शुरू हो गया। अंत में भारत माता की जय उद्घोष के साथ सभी नेताओं ने एक-दूसरे से विदाई ली और निकल गए।