गंगानगरी में 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले शहरी मेले का बृहस्पतिवार को विधिवत् शुभारंभ किया गया। विधायक, पालिका चेयरमैन ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के सभी इंतजाम पुख्ता रखने के निर्देश दिए। सर्वप्रथम विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, सांसद प्रतिनिधि योगेंद्र तंवर, पालिका चेयरमैन राकेश बजरंगी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधिन जगदीश कर्दम, मेला समिति अध्यक्ष रमन शर्मा व अन्य लोगों ने मां गंगा का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके उपरांत पर पंडित अमन शर्मा ने विधिवत् मंत्रोच्चारण करते हुए पूजन कराकर मेले का शुभारंभ कराया। जिसके उपरांत विधायक ने कहा कि भाजपा के शासन में कार्तिक पूर्णिमा मेले को राजकीय दर्जा दिया है। मेले को भव्य बनाने, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं, मनोरंजन के साधन बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। वहीं, ब्रजघाट का विकास भी शासन की प्राथमिकता पर है। ताकि, क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। पालिका चेयरमैन राकेश बजरंगी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को मेला आयोजन से जुड़ी तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई न बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ब्रजघाट शहरी मेला 20 से 26 नवंबर तक आयोजित होगा। इस दौरान पालिका ईओ पवित्रा त्रिपाठी, जेई रति सिंह, सुंदर यादव, लोकेश कुमार, कुंवरपाल, सुभाष, करन गौतम आदि मौजूद रहे। उद्घाटन में न बुलाने पर स्थानीय लोगों में रोषब्रजघाट के पालिका सभासद अरुण गौड़ का कहना है कि मेले के उद्घाटन के दौरान पालिका स्तर से स्थानीय सभासदों व प्रबुद्ध लोगों की अनदेखी की गई है। जो सरासर गलत है।