गोंडा। परसपुर के रेक्सड़िया में विनोद साहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है। ग्रामीण हत्यारों को फांसी देने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पहले गांव में धरना दिया। इसके बाद शव लेकर मुख्य मार्ग की ओर बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। ग्रामीण वहीं धरने पर बैठ गए। बाद में शव लेकर शाहपुर बाजार पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं सपा नेता योगेश प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता त्रिलोकी नाथ तिवारी और सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है।