गोंडा में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। बूथों पर बीएलओ बैठकर मतदाताओं के आवेदन लेते रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम रमेश रंजन ने जूनियर हाईस्कूल रामापुर तरबगंज समेत विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर अभियान की स्थिति देखी। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली। मेवातियान निवासी शहबाज अली ने बताया कि उनका नाम दो जगह पंजीकृत था। एसआईआर प्रक्रिया में भाग नहीं लेने के कारण दोनों जगह से नाम कट गया। जानकारी होने पर उन्होंने बीएलओ से संपर्क किया। एलबीएस पीजी कॉलेज में विशेष अभियान के दौरान बीएलओ ने उनसे आवेदन लेकर नाम जुड़वाने का भरोसा दिया। इसी तरह जीआईसी मतदेय स्थल पर भी लोगों ने नाम जोड़ने और संशोधन के लिए आवेदन किए। यहां बीएलओ फिरोज अहमद, कंचनलता और सीता गौतम समेत अन्य मौजूद रहे।