गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव के ग्राम प्रधान और सपा सेक्टर प्रभारी सरताज खान के घर बहन के विवाह समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगा है। 13 नवंबर को हुई घटना को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह से मिला। नेताओं ने ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि विवाह जैसे पारिवारिक और मांगलिक आयोजन के दौरान दिलदारनगर थाने के दो पुलिसकर्मी ग्राम प्रधान के घर पहुंचे थे। उन्होंने प्रतिबंधित मांस रखने का आरोप लगाते हुए परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। गोपाल सिंह यादव ने कहा कि किसी नागरिक और जनप्रतिनिधि के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों से भी मर्यादित व्यवहार और संवेदनशीलता की अपेक्षा की जाती है।