भाई-बहन के अटूट प्रेम के पावन पर्व रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले थाना लाइनपार क्षेत्र के ढोलपुरा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पर्व पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की जिद कर रही 30 वर्षीय विवाहिता ने पारिवारिक कलह के कारण फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया और दो घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। संध्या का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व ढोलपुरा निवासी नर्सरी संचालक सुनील कुमार के साथ हुआ था। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बुधवार रात संध्या की अपने पति से रक्षाबंधन पर अपने भाई आकाश और अमन के घर (लखुरपुरा, कुरावली, मैनपुरी) जाकर राखी बांधने की जिद पर बहस हो गई थी। पति द्वारा मना किए जाने से आहत होकर संध्या ने आवेश में आकर अपने कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे के कुंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजन ने कमरे में जाकर देखा। फंदे से लटके शव को देख उनके होश उड़ गए। परिजन उसे नीचे ट्रॉमा सेंटर ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।