उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने डीएम अरविंद सिंह पर फोन नही उठाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की है। एटा में एक कार्यक्रम में शामिल होने कलेक्ट्रेट पहुंचीं मंत्री का डीएम पर नाराजगी जताते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें मंत्री कह रही हैं कि बार-बार फोन करने पर भी डीएम ने उनका फोन नहीं उठाया। नाराजगी के बीच असहज माहौल में मंत्री को सलामी दी गई। वयोवृद्ध महिलाओं को बस में मुफ्त सफर के लिए लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ कार्यक्रम में बेबी रानी मौर्य बुधवार को एटा पहुंची थीं। कलेक्ट्रेट में सजीव प्रसारण कार्यक्रम रखा गया था। मंत्री के प्रोटोकॉल में पहुंचे डीएम पर वह नाराज होती नजर आ रही हैं। इससे संबंधित वायरल वीडियो में वह कह रहीं हैं कि ये गलत बात है। यह नहीं चलेगा। आपको फोन उठाना चाहिए। मैं व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए फोन कर रही थी। जानना चाहती थी कि कार्यक्रम क्या है? हम आपसे पूछना चाह रहे थे कि व्यवस्थाएं क्या हैं? आप हमसे बात ही नहीं कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने डीएम से पूछा कि आप प्रोटोकॉल में हमसे बड़े हैं, इसलिए बात नहीं करेंगे। इस संबंध में डीएम ने कुछ कहने से इंकार किया है। कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने बताया कि डीएम को मैंने फोन किया था। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस बारे में पूछने पर डीएम ने बताया कि उनके आवास की छत गिर गई थी। इस लिए फोन रिसीव नहीं कर पाए थे। और कोई बात नहीं थी। डीएम से बातचीत का वीडियो किसी ने वायरल कर दिया है।