शहर के करीब गदपुरवा में हुआ आयोजन, चंदा से कराया जा रहा पांच कट्ठे जमीन में निर्माण देवरिया। शहर के करीब गदपुरवा में बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मण छात्रावास की आधारशिला रखी गई। इसके बाद आयोजित भोज में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। छात्रावास का निर्माण सरयूपारीण ब्राह्मण परिषद से जुड़े ब्राह्मण कल्याण परिषद द्वारा कराया जा रहा है। दोपहर करीब 12 बजे आचार्य श्रीनाथ द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन शुरू कराया। शुद्धिकरण, आचमन आदि के बाद आधारशिला का पूजन शुरू हुआ। गुडगांव से आए ओंकारेश्वर मिश्र ने पत्नी सहित यजमान की भूमिका निभाई। करीब एक घंटे तक चले भूमि पूजन कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के दो सौ से अधिक लोग शामिल हुए। छात्रावास का निर्माण ब्राह्मण कल्याण परिषद के बैनर तले हो रहा है। इसके लिए परिषद ने पूरे उत्तर भारत से चंदा एकत्रित किया है। एक निजी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट और यजमान ओंकारेश्वर मिश्र ने कहाकि सरयूपारीण ब्राह्मण परिषद के जिलाध्यक्ष रहे जयदेव मिश्र का सपना ब्राह्मणों के लिए छात्रावास का निर्माण रहा है। वह आज संगठन के प्रयासों से पूरा हो रहा है। इसमें विप्र छात्र रहकर पढ़ाई करेंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष मधुसूदन मणि, मंत्री कौशल कुमार मिश्र, डॉ. विपिन बिहारी शुक्ल, आचार्य धनंजय पांडेय, मनोज मिश्र, त्रिभुवन नाथ मिश्र, दिनेश कुमार त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।