दीपावली अमावस्या मेला को लेकर धर्मनगरी चित्रकूट पूरी तरह सजी-धजी है। दूसरे जिले और राज्यों से श्रद्धालु पैदल, बस, ट्रेन के अलावा अपने निजी वाहनों से पहुंच रहे हैं। शनिवार शाम को लाखों की संख्या में श्रद्धालु रामघाट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर महा आरती में हिस्सा लिया। आरती के दौरान पूरा रामघाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान कामतानाथ के दर्शन कर परिक्रमा लगाई। मेला क्षेत्र में जगह-जगह भंडारे, प्रसाद की दुकानें और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। अमावस्या के मुख्य पर्व पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार शाम तक करीब 5 लाख से अधिक श्रद्धालु धर्म नगरी आ चुके हैं लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं।