शारदीय नवरात्र को लेकर जनपद के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भोर से ही मां के दर्शन पूजन के भक्त मंदिर पहुंचे और घरों में कलश की स्थापना कर दुर्गा सप्तसती का पाठ किया। नवरात्र शुरू होते ही श्रद्धालु मां की भक्ति में लीन हो गए हैं। नगर के प्रसिद्ध मंदिर दक्षिणमुखी देवी मंदिर में भोर से श्रद्धालु दर्शन पूजन को पहुंचने लगे थे। नवरात्र के पहले दिन भोर में ही मां का श्रृंगार कर भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिया गया था। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। दर्शन पूजन के बाद लोगों ने गेट पर मौजूद भिक्षुओं में दान पुण्य कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। मां के जयकारे और घंटा-घड़ियाल की आवाज से मंदिर गुंजायमान रहा। मंदिर के पुजारी शरद तिवारी ने बताया कि मां की महिमा अपरंपार है। मां भक्तों की हर मुराद पूरी करती है। इसके कारण सिर्फ नवरात्र ही नहीं प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग मां के दर्शन पूजन को पहुंचते हैं।