पुलिस प्रशासन की निगरानी में शुरू हुआ टोकन रसीद वितरण, घाट पर कब्जे को लेकर विवाद रोकने के लिए कमेटी ने बनाई व्यवस्था पीडीडीयू नगर। छठ पूजा को लेकर मानसरोवर तालाब स्थित श्रीश्री सूर्यदेव मंदिर छठ पूजा कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार सुबह 10 बजे से पूजा घाटों के लिए टोकन रसीद का वितरण शुरू कर दिया गया। इसके लिए पूरे तालाब को चार सेक्टरों में बांटा गया है। पुलिस प्रशासन की निगरानी में सभी सेक्टरों में घाटों की बुकिंग की जा रही है। पूजा घाटों की बुकिंग छठ पूजा के दिन तक जारी रहेगी। टोकन वितरण शुरू होने से पहले छठ पूजा कमेटी के सदस्यों ने तालाब की साफ-सफाई कराई। सभी सेक्टरों के अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ घुटने भर पानी में उतरकर तालाब के अंदर जमा गंदगी बाहर निकालने में जुटे रहे। कमेटी का प्रयास है कि छठ व्रतियों को पूजा के लिए स्वच्छ और सुरक्षित घाट उपलब्ध कराया जा सके।