बदायूं के जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 1475 मरीज उपचार कराने पहुंचे। मरीजों की भीड़ के चलते पर्चा काउंटर पर लंबी कतार लगी रही। डॉक्टरों के कक्षों के बाहर भी मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। ओपीडी में पहुंचे मरीजों में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत वाले मरीजों की संख्या ज्यादा रही। फिजिशियन डॉ. अलंकार सोलंकी ने बताया कि मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत बढ़ सकती है। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें। बुखार, लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं और एंटीबायोटिक का सेवन न करें। पर्याप्त पानी पीएं और पौष्टिक भोजन लें।