चौरी पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बुधवार को गैंगस्टर की कार्रवाई की। पुलिस ने गैंग लीडर अजय सोनी समेत पांच सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इस गिरोह ने लगभग 22 लाख रुपये के गांजे की तस्करी की थी।सीओ औराई राजीव सिंह ने बताया कि गैंग लीडर अजय सोनी, नहरपुर, रामपुर जौनपुर का निवासी है। उसने अपने सदस्य रशान्त पटेल अमवा कला, भवानीपुर, चौरी, अनुराग पटेल उर्फ पढ़ू निवासी पचपटिया, चौरी, जुग्गू साहनी निवासी मलहिया टोल, लंबा, बनारस और युवराज सिंह निवासी अमवां कला, चौरी के साथ मिलकर गांजा तस्करी का काम करता था। यह गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध गांजा तस्करी जैसे आपराधिक कृत्यों को अंजाम देता था। इन गतिविधियों से मिले लाभ का उपयोग अपने और गैंग के सदस्यों के लिए किया जाता था। चौरी पुलिस ने 2025 में एक क्विंटल 880 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए इन्हें गिरफ्तार किया था। बरामद गांजे की कीमत करीब 22 लाख रुपये थी। इनके पास से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई कार और चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए थे। बताया कि पांच अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।