त्योहारी सीजन में प्रमुख बाजारों व व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 163 करोड़ की लागत से 19 चौराहों पर ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए थे। 15 जून 2022 से इनका संचालन हो रहा है। अब नौ चौराहों पर लगीं ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं। यह स्थिति तब है, जबकि पांच साल तक इनके संचालन की जिम्मेदारी हनीवेल कंपनी को दी गई थी। अब त्योहार के दौरान व्यवस्था सुचारु बनाए रखना यातायात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। यहां बंद पड़े हैं सिग्नल : पटेल चौक, सर्किट हाउस, सलेक्शन प्वाइंट, डेलापीर, बरेली कॉलेज गेट, ईंट पजाया, सेटेलाइट, बीसलपुर चौराहा पर ट्रैफिक लाइटें फ्लैश मोड में हैं तो चौपुला चौराहे पर थर्ड पार्टी डैमेज है। ईंट पजाया चौराहे पर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को यूटर्न लेना पड़ रहा है।