रिपोर्ट-मनोज तिवारी: बहराइच में मिहींपुरवा क्षेत्र के भरथापुर के विस्थापित परिवारों को सुरक्षित ठिकाना देने की पहल के बीच 18 परिवार पुनर्वास अनुदान से वंचित रह गए। सरकारी जमीन पर आवासीय भूखंड और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ तो मिला, लेकिन पुनर्वास के लिए मिलने वाली अतिरिक्त सहायता नहीं मिल सकी। नतीजा यह है कि कई परिवारों के मकान निर्माण अधूरा है और वे पूरी तरह नए ठिकाने पर बस नहीं सके हैं। कौड़ियाला नदी में बीते वर्ष हुए नाव हादसे के बाद भरथापुर के 136 परिवारों को सेमरहना के पास बसाने के लिए जमीन आवंटित की गई थी। सभी परिवार मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चयनित किए गए। इनमें 118 परिवारों को पुनर्वास अनुदान भी मिल गया, लेकिन 18 परिवार इस सहायता से बाहर रह गए। डीएफओ अपूर्व दीक्षित का कहना है कि पुनर्वास अनुदान के लिए जंगल में पीढ़ियों से निवास करने के प्रमाणित अभिलेख मांगे गए थे। संबंधित परिवार अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। वन विभाग के अनुसार, कुछ आवेदक नाबालिग भी थे। इस वजह से उन्हें अनुदान के लिए पात्र नहीं पाया गया। अनुदान से वंचित परिवारों के सामने अब मकान पूरा कराने की चुनौती है। मुख्यमंत्री आवास योजना की धनराशि से निर्माण शुरू तो हुआ, लेकिन अतिरिक्त आर्थिक मदद नहीं मिलने से काम आगे नहीं बढ़ सका। विस्थापन के बाद सुरक्षित जगह पर बसाने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद इन परिवारों का स्थायी पुनर्वास अभी अधूरा है।