अयोध्या। वशिष्ठ सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आठ अक्तूबर को अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन समाजवादियों की वजह से रामभक्तों और कारसेवकों के रक्त से सरयू का जल लाल हुआ था, उनमें रामलला के दर्शन की हिम्मत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले राम मंदिर में दर्शन करेंगे तो उनका मुस्लिम वोट बैंक नाराज हो जाएगा। पाठक ने सपा से रामभक्तों और कारसेवकों से माफी मांगने को कहा। अखिलेश यादव आठ अक्तूबर को पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक पवन पांडे के आवास पर आयोजित रामकथा कार्यक्रम में शामिल होंगे। भदोही का नाम बदलकर संत रविदास नगर किए जाने पर भी पाठक ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने जिले का नाम बदला था और भाजपा सरकार ने दोबारा संत रविदास नगर नाम किया। दीपोत्सव को लेकर उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजन पूर्व के वर्षों से भी बेहतर होगा।