फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या के रुदौली तहसील में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं

अयोध्या के रुदौली तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की मौजूदगी से फरियादियों की उम्मीदें बढ़ गईं। डीएम के आने की जानकारी मिलते ही तहसील में शिकायतकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पांच साल से करीब 50 बार शिकायत कर चुके हरिश्चंद्र समेत कई फरियादियों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। डीएम के सामने फरियाद रखकर उन्हें न्याय की उम्मीद है। डीएम करीब 11:45 बजे तहसील पहुंचे। उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर तहसील पहुंच गए। शिकायत दर्ज कराने के लिए तहसील परिसर में फरियादियों की लंबी कतार लगी रही। अमर उजाला टीम ने कतार में लगे फरियादियों से बातचीत की। ग्राम ममरेज नगर हाता निवासी हरिश्चंद्र ने बताया कि वह पांच साल से समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। इस दौरान करीब 50 बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। उनका आरोप है कि तहसील प्रशासन ने उनका मकान गिरवा दिया और उसके एवज में जो भूमि दी गई, वह तालाब में है। कोटवा निवासी आशीष यादव ने बताया कि चकमार्ग पर विपक्षी ने कब्जा कर फसल बो रखी है। दो साल से लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज डीएम आए हैं, इसलिए उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई होगी। तालगांव निवासी श्रीराम ने बताया कि लेखपाल ने अंश निर्धारण गलत तरीके से कर दिया है। इसे दुरुस्त कराने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक निस्तारण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि डीएम के सामने शिकायत रखने से इस बार समाधान की उम्मीद है। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, बिजली, सड़क, जलभराव समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। कई फरियादियों ने कहा कि विभागीय स्तर पर बार-बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, इसलिए डीएम के सामने फरियाद लेकर पहुंचे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें