फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या: भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार बीकापुर पहुंचे विधायक अभय सिंह, नौ आंगनबाड़ी केंद्रों का किया लोकार्पण

अयोध्या: भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार बीकापुर विकासखंड पहुंचे गोसाईगंज विधायक अभय सिंह का मंगलवार को समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित नौ आंगनबाड़ी केंद्रों और एक अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया। पाली पूरब, राजौरा, शंकरपुर, रामनगर, भरहू खाता, मंगारी, रंडौली, पश्चिम पाली और भैरोपुर टिकरा ग्राम पंचायतों में बने आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया गया। वहीं बैतीकला गांव में अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में बाल पुष्टाहार, समाज कल्याण, उद्यान, खाद्य एवं रसद, वन, विद्युत, बेसिक शिक्षा और कृषि विभाग की ओर से स्टाल लगाए गए। विधायक ने इन स्टालों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक अभय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा मिला है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। गरीबों और जरूरतमंदों को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस मौके पर विधायक अभय सिंह और खंड विकास अधिकारी गणेश दत्त शुक्ला ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण किया। बाल पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एक गर्भवती महिला की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान संघ के जिला सचिव मुकुल आनंद ने किया। इस दौरान हैरिंग्टनगंज के बीडीओ आरएन भारती, बीकापुर बीडीओ गणेश दत्त शुक्ला, एडीओ आरडी बद्रीनाथ पांडेय, रविंद्र कुमार वर्मा, अरविंद कुमार, प्रधान बजरंग सिंह, सुभाष वर्मा, बजरंग प्रसाद, बृज कुमार यादव, जगदीश यादव, पंचायत सचिव राजेश चौधरी, यास्मीन बानो, सृष्टि सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें