सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित द्विवेदी गेस्ट हाउस के पास शनिवार शाम चलती बाइक में अचानक आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई। बीच सड़क पर बाइक को धू-धूकर जलता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर सहम गए। घटना के चलते मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझने के बाद पुलिस ने मशक्कत के बाद सड़क से जले वाहन को हटाया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया था। बाद में यातायात बहाल हो गया था।