किसी ने मधुर गीत सुनाया तो किसी ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। सामने बैठे जिलाधिकारी शशांक चौधरी बच्चों की प्रस्तुति सुनते रहे और उनका उत्साह बढ़ाते रहे। दीपावली के अवसर पर ग्राम फूला स्थित जीवन पथ दिव्यांग विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र में कुछ ऐसा ही आत्मीय माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी अपनी पत्नी के साथ दृष्टिबाधित बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उपहार और मिठाई देकर बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मातृ स्मृति सेवा संस्थान की ओर से संचालित विद्यालय में डीएम और उनकी पत्नी ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। इसके बाद बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। उनकी पढ़ाई-लिखाई, खानपान, रहन-सहन और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं। किसी ने पढ़ाई के अनुभव साझा किए तो किसी ने विद्यालय में खेलकूद की सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। बच्चों ने खेल के लिए मैदान, खेल किट और झूले लगवाने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और जल्द आवश्यक व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। बच्चों की संगीत प्रस्तुति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। डीएम ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का आत्मविश्वास और हुनर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस दौरान डीएम और उनकी पत्नी ने बच्चों, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों को उपहार व मिष्ठान वितरित किए। बच्चों ने जिलाधिकारी को स्वलिखित धन्यवाद पत्र भी भेंट किया। अपने बीच जिलाधिकारी को पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर तहसीलदार तिलोई सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।