अमेठी सिटी: दिवाली की खरीदारी के लिए शनिवार को पटाखा बाजार में रौनक रही। गौरीगंज में जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने सजी दुकानों पर सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे। कोई बच्चों के लिए फुलझड़ी और चकरी चुन रहा था तो कोई आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरने वाले स्काई शॉट और मल्टी शॉट की कीमत पूछ रहा था। इस बार नई तरह की आतिशबाजी के प्रति युवाओं में खास दिलचस्पी दिखाई दी। दुकानों पर अनार, चकरी, रॉकेट, फुलझड़ी, चटाई और अलग-अलग क्षमता वाले मल्टी शॉट के पैकेट सजे हैं। गौरीगंज के दुकानदार राजेश गुप्ता ने बताया कि ग्राहक रंगीन रोशनी वाले पटाखों के बारे में अधिक जानकारी ले रहे हैं। पैकेट में मिलने वाली संख्या और कीमत की तुलना करने के बाद खरीदारी कर रहे हैं। बासूपुर गांव निवासी अमित वर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए फुलझड़ी और अनार के साथ आसमान में रोशनी फैलाने वाले पटाखे भी पसंद किए जा रहे हैं। किटियावां गांव निवासी संदीप सिंह ने बताया कि खरीदारी करते समय कीमत और गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। छोटे पैकेट से लेकर बड़े आतिशबाजी बॉक्स तक विकल्प उपलब्ध हैं। अमेठी के रामलीला मैदान, गौरीगंज में जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, बाजारशुकुल, मोहनगंज, जायस और फुरसतगंज समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर बिक्री केंद्र बनाए गए हैं। थानावार सूची के अनुसार 37 स्थानों पर 238 अस्थायी दुकानों को अनुमति दी गई है। इसके अलावा नौ स्थायी लाइसेंसधारी दुकानदार भी पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। पटाखों के बाजार भाव फुलझड़ी : 50 से 150 रुपये चकरी : 100 से 400 रुपये अनार : 150 से 600 रुपये रॉकेट : 100 से 300 रुपये मुर्गा बम : 100 से 120 रुपये 30 फायर : 600 से 700 रुपये स्काई शॉट : 500 से 1500 रुपये मल्टी शॉट : 800 से 2500 रुपये चटाई : 100 से 3000 रुपये