अमेठी में बिजली कटौती, किसानों की समस्याओं और महिलाओं की सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अमेठी में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले में अघोषित बिजली कटौती से आम लोग, किसान और व्यापारी परेशान हैं। उनका आरोप था कि बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित होने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के साथ खेती-किसानी में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे। इन पर सरकार के विरोध में नारे लिखे थे। सपा नेताओं ने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना चाहिए। सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। अघोषित कटौती के कारण आम जनता के साथ किसान और व्यापारी भी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पूंजीपतियों को लाभ मिल रहा है, जबकि गरीब और किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे।