अचानक हुए मौसम में बदलाव के बीच सोमवार दोपहर तीन बजे से लगातार बारिश हो रही है। इसी के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। कई जगह खंभे और पेड़ गिरने से आवागमन व बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। अकबरपुर के अलनपुर निवासी वजहुल कमर अपनी कार से कलेक्ट्रेट से वापस लौट रहे थे। रास्ते में दहीरपुर के निकट वजहुल हसन व उनके दो अन्य साथी सोहेल और इंकलाब प्रधान चाय पीने के लिए रुक गए थे। कार खड़ी कर चाय पीने के लिए उतर गए। इसी बीच अर्जुन का पेड़ तेज बारिश व हवा में गिर गया। इसकी चपेट में बिजली के तार और खंभा भी आ गया जो कार पर जा गिरा। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ व खंभा गिरने के कारण अकबरपुर-टांडा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सम्मनपुर क्षेत्र के सैदापुर गांव में ओलावृष्टि भी हुई है। सिकंदरपुर में तेज हवा के चलते बिना चालक के ई रिक्शा सड़क पर चलने लगा। ई रिक्शा में पीछे की सीट पर एक युवती भी इससे सहम गई।