आगरा के बाह में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जहां हर कोई देवी की पूजा-अर्चना में लीन था, वहीं शाम करीब 6 बजे जरार क्षेत्र में पेड़ तोड़ने की शिकायत करने पर एक महिला को बाल पकड़कर घसीटने और दरांती से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कस्बे के जरार क्षेत्र निवासी एक शिक्षक की पत्नी ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने प्लॉट की जमीन में लगे बकाइन और पपीता के पेड़ पड़ोसी परिवार के बच्चे द्वारा तोड़े जाने का विरोध किया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोपहर में उन्होंने पड़ोसी के घर जाकर सिर्फ बच्चे की शिकायत की थी। इसी बात से आक्रोशित होकर शाम करीब 6 बजे पड़ोसी परिवार के लोग उनके घर पर आ धमके। आरोपियों ने अपने बच्चे की पिटाई का झूठा आरोप लगाते हुए महिला के साथ मारपीट की और उन्हें बाल पकड़कर घसीट डाला। महिला ने जब चीख-पुकार मचाई, तो आरोपियों ने दरांती से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।