आगरा के व्यस्त खेरिया-ईदगाह रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। 1970 में बने इस पुराने पुल की हालत काफी समय से जर्जर है। रेलवे ने जिला प्रशासन से पुल को बंद करने की अनुमति मांगी है। मंजूरी मिलते ही इस पर यातायात रोक दिया जाएगा। यह पुल अपनी मियाद पूरी कर चुका है। रेलवे के अनुसार, इस 56 साल पुराने आरओबी के स्टील गर्डर जंग खा चुके हैं और डेक स्लैब की कंक्रीट उखड़ने से सरिया बाहर निकल आए हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण यह पुल कमजोर हो चुका है। रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि खतरे को भांपते हुए रेलवे ने इसके अपने हिस्से के दो जर्जर स्पैन बदलने का निर्णय लिया है, जिस पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस काम को 15 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, पुल के शेष सड़क संबंधी हिस्से और रोड के रखरखाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। रोड क्लोजर की अनुमति मिलने के बाद काम शुरू करने की आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।