सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की संपूर्णता के अवसर पर रविवार को दिल्ली के लिए विशाल तिलक जंजू रक्षक यात्रा रवाना हुई। गुरु महाराज के गिरफ्तारी स्थल गुरुद्वारा गुरु का ताल से शुरू हुई यात्रा उनके शहीदी स्थान चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचकर संपन्न होगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यात्रा में शामिल होने के लिए शनिवार को ही दिल्ली से करीब डेढ़ हजार संगत बसों व कारों से आगरा पहुंच गई थी। रविवार सुबह डीएसजीपीसी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगजीत सिंह काहलों के नेतृत्व में संगत ने गुरुद्वारा मंजी साहिब (जहां गुरुजी की गिरफ्तारी हुई) और गुरुद्वारा भोरा साहिब (जहां उन्हें नौ दिन कैद रखा गया) में मत्था टेका। इसके बाद दरबार साहिब में संत बाबा प्रीतम सिंह ने यात्रा की अगुवाई कर रहे पंज प्यारों, निशानची साहिबान और दिल्ली कमेटी के पदाधिकारियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। फूलों से सजी कांच की विशेष पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का स्वरूप सुशोभित कर कीर्तन व नाम सिमरन के साथ नगर कीर्तन शुरू हुआ। पालकी के पीछे दूसरी बस में गुरु महाराज के शस्त्र, चरण पादुकाएं व अन्य पवित्र निशानियां चल रही थीं। जसबीर सिंह ने बताया कि हाईवे पर मथुरा, कोसी, पलवल, बल्लभगढ़ व फरीदाबाद में पुष्प वर्षा और लंगर से यात्रा का भव्य स्वागत होगा। दिल्ली के लाल किला मैदान से यह यात्रा पैदल नगर कीर्तन के रूप में गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचेगी। इस दाैरान परविंदर सिंह ग्रोवर, कंवलदीप सिंह, हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह, दलजीत सिंह, गुरमीत सिंह सेठी, उपेंद्र सिंह लवली, चौधरी मंजीत सिंह, लक्की सेतिया, परमजीत सिंह मक्कड़, प्रवीण अरोड़ा, बंटी ओबेरॉय, रमन साहनी, गुरप्रीत अरोड़ा और बंटी चावला आदि का सहयोग रहा।