आगरा के फतेहाबाद में बेहड़ी विद्युत सब स्टेशन पर शटडाउन के दौरान बिजली आपूर्ति चालू करने से मना करने पर ग्रामीणों ने ऑपरेटर के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित ऑपरेटर ने रविवार को थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। फतेहाबाद क्षेत्र के बेहड़ी विद्युत सब स्टेशन पर ऑपरेटर अनिल कुमार शनिवार शाम करीब 7:30 बजे ड्यूटी पर तैनात थे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे गांव के 15 से 20 लोग सब स्टेशन पर पहुंचे और बिजली चालू करने का दबाव बनाने लगे। ऑपरेटर ने उन्हें बताया कि लाइन पर काम चलने के कारण शटडाउन लिया गया है, ऐसे में बिजली आपूर्ति चालू करना जोखिम भरा हो सकता है। आरोप है कि इस पर लोग गाली-गलौज करते हुए जबरन सब स्टेशन के अंदर घुस गए और बिजली चालू करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ऑपरेटर के साथ मारपीट की। घटना की सूचना कर्मचारियों ने तत्काल पीआरवी पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। बिजली चालू करने की मांग पर कुछ लोगों ने सब स्टेशन ऑपरेटर के साथ हाथापाई की है। हालांकि, मशीनों में किसी भी तरह की तोड़फोड़ नहीं हुई है। इस संबंध में स्थानीय थाने में तहरीर दे दी गई है।