अछनेरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव गोवरा में खेत पर घास लेने गई सात माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल पीड़िता के जेठ की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। घटला बुधवार सुबह करीब आठ बजे की है। गांव गोवरा निवासी सोनवीर की ओर से अछनेरा थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी के अनुसार, उनकी मां संतों देवी के साथ छोटे भाई की पत्नी निशा खेत पर घास लेने गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद धाराजीत पुत्र हाकिम सिंह, शांति देवी पत्नी धाराजीत, सुमित्रा पत्नी झम्मन तथा आदित्य पुत्र धाराजीत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर धाराजीत ने सात माह की गर्भवती निशा को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। उसके पेट में लात मार दी। हालत बिगड़ने पर निशा को आगरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पीड़ित पक्ष ने घटना की वीडियो मौजूद होने की बात भी तहरीर में कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।