आगरा के सदर थाना क्षेत्र के हरीनगर नैनाना जाट में वाॅशिंग मशीन ठीक करने आए मिस्त्री पर महिला और उसके दो वर्षीय बेटे के साथ लापता हो जाने का आरोप लगा है। महिला के पति ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पति दिलीप के अनुसार, 9 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे उनकी पत्नी ने वाॅशिंग मशीन ठीक कराने के लिए एक मोबाइल नंबर पर कॉल कर मिस्त्री को बुलाया था। मिस्त्री ने नई मशीन खरीदने की सलाह दी और कम कीमत में दिलाने की बात कही। इस पर पत्नी ने अलमारी में रखे 14 हजार रुपये निकाले। दो वर्षीय बेटे को साथ लेकर करीब 10:30 बजे मिस्त्री के साथ चली गई। शाम तक नहीं लौटी। मिस्त्री का मोबाइल भी बंद है। पति ने बताया कि पत्नी सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, नथ और कानों में सोने के टॉप्स पहने थी। एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।