एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी मरीजों के लिए राहत की बात है। अब ऑपरेशन के लिए दो अस्पतालों से समझौता हुआ है। इसके तहत आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली के चिकित्सकों की निगरानी में दूसरे मरीज की किडनी ट्रांसप्लांट की गई है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार है। अब हर महीने में चार मरीजों के ट्रांसप्लांट हो सकेंगे। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि धौलपुर निवासी दीपक कुमार (24) का 10 अक्तूबर को किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। इनके पिता राजवीर सिंह (70) ने किडनी दान की। जन्मजात बीमारी से किडनी खराब हो गई थी। इस बार ऑपरेशन आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत गोयल की निगरानी में की गई। इससे पहले एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने ऑपरेशन किया था। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोनों अस्पतालों के विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। इस तरह दोनों अस्पताल के विशेषज्ञ महीने में दो-दो ऑपरेशन करेंगे। इस मरीज का ऑपरेशन भी निशुल्क है। किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि दो और मरीजों की फाइल तैयार हो गई है। इनकी जांचें भी हो चुकी हैं। उम्मीद है कि 16 अक्तूबर को एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ऑपरेशन के लिए आएगी। पहला ट्रांसप्लांट बीते 22 अगस्त को एसजीपीजीआई की टीम की निगरानी में हुआ था।