आगरा। ऐतिहासिक रामलीला की श्रीराम बरात को भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को झांकियों की बुकिंग शुरू कर दी गई। पहले दिन करीब 8 से 10 झांकियों की बुकिंग हुई। इनमें पीलीभीत की प्रसिद्ध आतिशबाजी, मेरठ की महाकाल की झांकी और अलीगढ़ के मीनाक्षी मंदिर की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि श्रीराम बरात में पिछले करीब 25 वर्षों से पीलीभीत से आतिशबाजी मंगाई जा रही है। इस बार भी पीलीभीत के आतिशबाजों की बुकिंग की गई है। इसके अलावा मेरठ से महाकाल की झांकी और अलीगढ़ से मीनाक्षी मंदिर की झांकी शामिल होगी। अलग-अलग स्थानों से धार्मिक और आकर्षक झांकियों को भी बरात में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरुआत में आदर्श और चुनिंदा झांकियों की बुकिंग की जाती है। श्रीराम बरात नजदीक आने पर बड़ी और विशेष झांकियों की बुकिंग का सिलसिला तेज होता है। कमेटी का प्रयास है कि इस बार श्रीराम बरात में देश के विभिन्न हिस्सों की धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियों का अनूठा संगम देखने को मिले।